Sunday, July 10, 2016

आत्मा के आलोक से आलोकित कविताएं

    “आलोचकों को/ खबर न लगे/ रचनाकार का नाम”
    कवि राजेन्द्र जोशी के नए कविता संग्रह ‘एक रात धूप में’ की ये पंक्तियां उनकी कविता- ‘कवि या कविता’ के अंतर्गत व्यक्त- रचना-मूल्यांकन एवं समकालीन आलोचना के अंतर्संबंधों पर असल में एक टिप्पणी है । ‘क्या रखा है कवि के नाम में’ किसी रचना का मूल्यांकन किसी नाम से नहीं वरन पाठ की अंतर्वस्तु में निहित संभावनाओं से होना चाहिए। राजेन्द्र जोशी की कविताओं में प्रवेश करते समय नाम पृथक कर दिया जाएगा, पर रचनाकार और रचना-यात्रा का भी अपना ऐतिहासिक महत्त्व होता है। अपने पहले कविता संग्रह ‘सब के साथ मिल जाएगा’ [2011] में राजेन्द्र जोशी जिस समग्रता के प्रति समर्पित दृष्टिकोण लिए उपस्थित होते हैं, वहीं वे अपने दूसरे कविता संग्रह ‘मौन से बतकही’ [2014] में अपनी एकनिष्ठता के बहुआयामी विविध वर्णी रंग-रूप समाहित करते हुए बाहरी व भीतरी मौन में बतियाते हैं। उनका मौन में बतियाना या कहें मौन से बतियाना ही, उनके कवि को एक नवीन वितान- ‘एक रात धूप में’ तक पहुंचता है। ऐसे में किसी कविता अथवा संग्रह में कवि-दृष्टि के विकसित होने का आकलन बिना नाम के संभव नहीं। राजेन्द्र जोशी का नाम विविधता पूर्ण अनेक कार्य-व्यवहार में संलग्न है, ऐसे में मेरी आकांक्षा केवल उन्हें कवि रूप में देखने की है।
    ‘एक रात धूप में’ नाम में जिस विरोधाभास का आभास है उस में दृष्टि विकास की आवश्यकता है। संकुचित भाव से देखा जाए तो रात और धूप दोनों परस्पर विपरीत स्थितियां है। कविता विपरीत ध्रुवों को आमने-सामने अथवा साथ-साथ रख कर देखने-परखने का काम करती रही है। हम बहुत पुरानी उक्ति का सहारा लेकर इस दृष्टि-विकास का आकलन करें- जहां न पहुंचे रवि, वहां पहुंचे कवि। यह कवि जोशी के सृजक-मन का उस बिंदु तक पहुंचना है, जहां रात और धूप को साथ-साथ धरा-धाम से देखने-परखने का आयाम वह प्राप्त करता है। कविता संग्रह का नाम खुद अपनी कहानी बताने में सक्षम है। “आलोचकों को/ खबर न लगे/ रचनाकार का नाम।” एवं कवि के शब्दों में- ‘क्या रखा है कवि के नाम में।’ नाम विस्मृत कर पाठ पर दृष्टि केंद्रित करें।
     ‘एक रात धूप में’ कविता-संग्रह में तीन खंड़ों में विन्यस्त कविताएं ‘बात, जो बात है’, ‘सूखी पत्तियां’ व ‘मेरे हिस्से का आकाश’ उपशीर्षकों में मिलती है। जाहिर है तीसरे खंड की कविता ‘एक रात धूप में’ से बात, जो बात है उसका आगाज़ होना चाहिए।
    ठहरना चाहती है/ एक रात/ धूप में।
    चांदनी रात/ के साये में/ पूनम के चांद/ के घर में।
    एक रात/ बिताना चाहती है/ धूप में।
    अंतिम पहर की/ धूप में/ रात के पहले/ पहर से भोर तक।
    चांद की चौखट को भी/ सांझा करना चाहती है/ एक रात/ धूप में। [पृ. 79]
    सरल-सहज भाषा में जिस विरोधाभास में समन्वय की अभिलाषा यहां अभिव्यक्त होती है वह प्रचलित मुहावरे में असंभव-सी प्रतीत होती है। इस असंभव की यात्रा में अगर  हम हमारी दृष्टि-विस्तार और विकास कर परंपरागत विचार-वैभव त्याग कर इतर सोचेंगे तो पाठ में निहित आकांक्षा को देख-परख सकेंगे। यहां कवि हमें रवि की हदों से दूर उस बिंदु तक पहंचने का संकेत देता है- जहां ‘एक रात धूप में’ का वितान हमारी प्रतीक्षा कर रहा है। जनसत्ता के संपादक मुकेश भारद्वाज ने इस पुस्तक के फ्लैप पर लिखा है- ‘‘कई बार नितांत अभिधात्मक दिखने वाली ये कविताएं असल में सादगी के शिल्प की कविताएं हैं और यही इनकी सबसे बड़ी खूबी है।’’
    संग्रह की कविताओं में प्रेम के विविध रूप हैं, तो व्यंग्य की तीखी धारा भी। यहां प्रश्नाकुलता, द्वंद्व, अंतर्विरोध, स्वप्न और यर्थाथ का अद्वितीय लोक है। सर्वाधिक उल्लेखनीय अगर कुछ है तो वह राजेन्द्र जोशी की काव्य-भाषा एवं शिल्प है। अपनी काव्य-यात्रा के इस तीसरे पड़ाव में कविता की भाषा जैसे करवट ले रही है। इन कविताओं में प्रचलित एवं बंधे-बंधाए रूढ़ आग्रहों-रूपों से इतर भाषा को एक ऐसे शिल्प में पिरोया गया जहां पाठ में हम बार-बार ठहर-ठहर जाते हैं। यदि कवि का नाम साथ रहता है, तो हमारे संबंध, रूढ़ अर्थों में हमारी अभिलाषाएं-आकांक्षाएं और कविता को बंधी-बंधाई लीक में देखे जाने का दृष्टिकोण भी हमारे साथ रहेगा। यह अतोश्योक्ति नहीं कि इस नवीन सृजन-लोक में आत्मा के आंतरिक आलोक से आलोकित ऐसी कविताएं है, जिन्हें बिना कवि के नाम से पढ़ा जाना चाहिए।
    ‘बात, जो बात है’ खंड की कविताओं में इसी शीर्षक से कविता है, जो पुस्तक के अंतिम आवरण पर भी मुद्रित है।
    बात की स्मृति/ जिंदा होती है/ बात गुजरती नहीं/ तकदीर बदल देती है-/ बात।
    सदा के लिए/ सदारत करती है/ बहाना नहीं बनाती/ काम की होती है-/ हर एक बात की कीमत/ कीमती होती है हर बात।
    बीती नहीं/ बो बात है/ घात नहीं करती/ तभी तो सच्ची बात है-/ बात, जो बात है।                                                            [पृ.17]
    अपने पूर्ववर्ती संग्रहों से अलग यहां कविता में अभिधा के साथ-साथ व्यंजना तो है पर कविता में बात को कह कर भी बहुत-सी बात को पाठक पर छोड़ देने का कौशल भी है। अपने पाठकों पर यह भरोसा ही इन कविताओं और कवि को इस मुकाम पर पहुंचता है। इन कविताओं से पहले भूमिका के रूप में कवयित्री डॉ. वत्सला पाण्डेय ने लिखते हुए इसका संकेत भी किया है- ‘‘कहना अतिशोयक्ति न होगा कि राजेन्द्र जोशी ने एक रचनाकार के रूप में कुछ देर से ही सही अपने लिए राह निर्मित करनी सीख ली है।’’ एक कविता ‘आधी शताब्दी’ की पंक्तियां यहां इसी संदर्भ में उल्लेखनीय है- ‘अब भरोसा है/ जूझती जिंदगी पर/ दोस्ती हो गई/ पेचीदा रास्तों से/ बची हुई तू सुन !/ आधी शताब्दी !!’
    प्रथम खंड में जिन कविताओं को उल्लेखनीय कहा जाएगा, उन में एक है- ‘शब्द- 3' जिसमें कवि शब्द के अजेय-अमर होने के उद्घोष के साथ ही, शब्द की अपरिमितता और सर्वव्यापकता प्रस्तुत करते हुए उपलब्धियों में अव्यक्त को शामिल कर व्यंजित करता है। अनेकानेक जीवन सत्यों को इस खंड में अपनी सधी हुई काव्य-भाषा के साथ कवि ने प्रस्तुत किया है। एक उदाहरण कविता ‘बूढ़ा जो हो गया’ से, जिसमें बहुत कम शब्दों में कवि ने बहुत गहरी बात कही है। हमें ‘बात, जो बात है’ उसे देखने का ज्ञात यर्थाथ भाषा में  नए शब्द-क्रम से यहां नया-सा लगने लगता है- ‘बूढ़ा जो हो/ गया वह/ जिंदा रहकर भी/ जिंदा नहीं जो !’
    ‘सूखी पत्तियां’ खंड की कविताओं में जीवन-मृत्यु के क्रम में जहां जीवन का प्यार के साथ स्वागत और स्वीकार का भाव है, वहीं मृत्यु को भी जीवन के अभिन्न अंग के रूप में स्वीकारते हुए कवि ने लिखा है- ‘उडीक रहती है-/ मुझको/ पतझड़ की।’ यहां जीवन की सम्पूर्णता और समग्रता में फिर फिर हरे हो जाने का विश्वास भी अभिव्यक्त हुआ है। राजेन्द्र जोशी की काव्य-भाषा में ‘उडीक’ जैसे शब्दों से आंचलिकता की महक है, वहीं हिंदी के अनुशासन का निर्वाह एक नई और मौलिक भाषा को गढ़ने का उपक्रम भी यहां है। जिसका उदाहरण इसी खंड की कविता- ‘पतझड़ से पहले’ की इन पंक्तियां में देखें-
    कितने ही बूढ़े हों/ नहीं बदलते/ वे अपना रंग।
    वे हरे रहते हैं/ पतझड़ से पहले तक।
    लगते हो भले फल/ किसी भी रंग के/ और न लगे/ तब भी/ वे हरे ही रहते हैं।
    दरख्तों पर/ वे नहीं बदलते/ अपना रंग ! [पृ.51]
    उत्तर आधुनिकता के इस दौर में भी यह प्रतीक्षा, धैर्य, आत्मीयता का भाव किसी भी जीवन के लिए अनुकरणीय है, वहीं अपनी भाषा को बूढ़ी होने से बचाने के उपक्रम में हरी बनाए रखने की वह एक यात्रा भी है।
    ‘मेरे हिस्से का आकाश’ खंड की कविताएं कुछ निजता में कवि के घर-परिवार, रिस्तों और विचारों के साथ मान्यताओं के काव्य-बिंब हैं। कहीं बेहद सीधे और सरलीकृत रूप में कुछ काव्यांश अभिधा में अपनी कहानियां कहते हैं तो कुछ स्थलों पर वे प्रतीकों के माध्यम से व्यष्टि से समष्टि की दिशा में अग्रसर होते हैं। यहां यह अनायस नहीं है कि अग्रज कवि हरीश भादानी की काव्य-पंक्ति 'राज बोलता सुराज बोलता' की अनुगूंज कविता ‘शहर नीलाम होने को है’ में ‘हर शख्स बोलता है’ के स्थाई अंतरे से प्रगट होती है, वहीं नंदकिशोर आचार्य के काव्य-शिल्प में भाषा के क्रम के कुछ साम्य भी धैयवान पाठक जान सकते हैं। यह अपनी काव्य-परंपरा में नई परंपरा का पोषण एवं विकास है।  
    अंत में बस इतना ही कि कवि राजेन्द्र जोशी जिस काव्यालोक में पहुंचे हैं वह सघन से सघनतर हो। उनका कवि-रूप हिंदी कविता-प्रांगण में अपनी कविताओं व नाम के साथ पढ़े जाने वाले कवियों में शामिल हो, यही आकांक्षा व प्रार्थना है।
    राजेन्द्र जोशी की इन पंक्तियों को आप सभी को समर्पित करता हूं- ‘दिए की लौ/ चूल्हे की आग/ चिंगारी की आंच/ सूरज की तपिश/ और लाल होती आंखें।/ मौन रहकर/ कहती हैं-/ बहुत कुछ।’ [लाल होती आंखें, पृ. 56] इस बहुत कुछ कहे को सहेजने की आवश्यकता है, जिससे कविता की लौ दूर तक रोशन रहे। इन्हीं शब्दों के साथ कवि राजेन्द्र जोशी को बधाई और मुक्ति संस्था का आभार कि मुझे इस अवसर पर अपनी बात कहने का सम्मान दिया।
•    एक रात धूप में/ कविता संग्रह/ राजेन्द्र जोशी
प्रकाशक- सूर्य प्रकाशन मंदिर, बीकानेर/ संस्करण- 2016/ पृष्ठ- 96/ मूल्य- 200/-


•    नीरज दइया



0 टिप्पणियाँ:

Post a Comment

डॉ. नीरज दइया की प्रकाशित पुस्तकें :

हिंदी में-

कविता संग्रह : उचटी हुई नींद (2013), रक्त में घुली हुई भाषा (चयन और भाषांतरण- डॉ. मदन गोपाल लढ़ा) 2020
साक्षात्कर : सृजन-संवाद (2020)
व्यंग्य संग्रह : पंच काका के जेबी बच्चे (2017), टांय-टांय फिस्स (2017)
आलोचना पुस्तकें : बुलाकी शर्मा के सृजन-सरोकार (2017), मधु आचार्य ‘आशावादी’ के सृजन-सरोकार (2017), कागद की कविताई (2018), राजस्थानी साहित्य का समकाल (2020)
संपादित पुस्तकें : आधुनिक लघुकथाएं, राजस्थानी कहानी का वर्तमान, 101 राजस्थानी कहानियां, नन्द जी से हथाई (साक्षात्कार)
अनूदित पुस्तकें : मोहन आलोक का कविता संग्रह ग-गीत और मधु आचार्य ‘आशावादी’ का उपन्यास, रेत में नहाया है मन (राजस्थानी के 51 कवियों की चयनित कविताओं का अनुवाद)
शोध-ग्रंथ : निर्मल वर्मा के कथा साहित्य में आधुनिकता बोध
अंग्रेजी में : Language Fused In Blood (Dr. Neeraj Daiya) Translated by Rajni Chhabra 2018

राजस्थानी में-

कविता संग्रह : साख (1997), देसूंटो (2000), पाछो कुण आसी (2015)
आलोचना पुस्तकें : आलोचना रै आंगणै(2011) , बिना हासलपाई (2014), आंगळी-सीध (2020)
लघुकथा संग्रह : भोर सूं आथण तांई (1989)
बालकथा संग्रह : जादू रो पेन (2012)
संपादित पुस्तकें : मंडाण (51 युवा कवियों की कविताएं), मोहन आलोक री कहाणियां, कन्हैयालाल भाटी री कहाणियां, देवकिशन राजपुरोहित री टाळवीं कहाणियां
अनूदित पुस्तकें : निर्मल वर्मा और ओम गोस्वामी के कहानी संग्रह ; भोलाभाई पटेल का यात्रा-वृतांत ; अमृता प्रीतम का कविता संग्रह ; नंदकिशोर आचार्य, सुधीर सक्सेना और संजीव कुमार की चयनित कविताओं का संचयन-अनुवाद और ‘सबद नाद’ (भारतीय भाषाओं की कविताओं का संग्रह)

नेगचार 48

नेगचार 48
संपादक - नीरज दइया

स्मृति में यह संचयन "नेगचार"

स्मृति में यह संचयन "नेगचार"
श्री सांवर दइया; 10 अक्टूबर,1948 - 30 जुलाई,1992

डॉ. नीरज दइया (1968)
© Dr. Neeraj Daiya. Powered by Blogger.

आंगळी-सीध

आलोचना रै आंगणै

Labels

101 राजस्थानी कहानियां 2011 2020 JIPL 2021 अकादमी पुरस्कार अगनसिनान अंग्रेजी अनुवाद अतिथि संपादक अतुल कनक अनिरुद्ध उमट अनुवाद अनुवाद पुरस्कार अनुश्री राठौड़ अन्नाराम सुदामा अपरंच अब्दुल वहीद 'कमल' अम्बिकादत्त अरविन्द सिंह आशिया अर्जुनदेव चारण आईदान सिंह भाटी आईदानसिंह भाटी आकाशवाणी बीकानेर आत्मकथ्य आपणी भाषा आलेख आलोचना आलोचना रै आंगणै उचटी हुई नींद उचटी हुई नींद. नीरज दइया उड़िया लघुकथा उपन्यास ऊंडै अंधारै कठैई ओम एक्सप्रेस ओम पुरोहित 'कागद' ओळूं री अंवेर कथारंग कन्हैयालाल भाटी कन्हैयालाल भाटी कहाणियां कविता कविता कोश योगदानकर्ता सम्मान 2011 कविता पोस्टर कविता महोत्सव कविता-पाठ कविताएं कहाणी-जातरा कहाणीकार कहानी काव्य-पाठ किताब भेंट कुँअर रवीन्द्र कुंदन माली कुंवर रवीन्द्र कृति ओर कृति-भेंट खारा पानी गणतंत्रता दिवस गद्य कविता गली हसनपुरा गवाड़ गोपाल राजगोपाल घिर घिर चेतै आवूंला म्हैं घोषणा चित्र चीनी कहाणी चेखव की बंदूक छगनलाल व्यास जागती जोत जादू रो पेन जितेन्द्र निर्मोही जै जै राजस्थान डा. नीरज दइया डायरी डेली न्यूज डॉ. अजय जोशी डॉ. तैस्सितोरी जयंती डॉ. नीरज दइया डॉ. राजेश व्यास डॉ. लालित्य ललित डॉ. संजीव कुमार तहलका तेजसिंह जोधा तैस्सीतोरी अवार्ड 2015 थार-सप्तक दिल्ली दिवाली दीनदयाल शर्मा दुनिया इन दिनों दुलाराम सहारण दुलाराम सारण दुष्यंत जोशी दूरदर्शन दूरदर्शन जयपुर देवकिशन राजपुरोहित देवदास रांकावत देशनोक करणी मंदिर दैनिक भास्कर दैनिक हाईलाईन सूरतगढ़ नगर निगम बीकानेर नगर विरासत सम्मान नंद भारद्वाज नन्‍द भारद्वाज नमामीशंकर आचार्य नवनीत पाण्डे नवलेखन नागराज शर्मा नानूराम संस्कर्ता निर्मल वर्मा निवेदिता भावसार निशांत नीरज दइया नेगचार नेगचार पत्रिका पठक पीठ पत्र वाचन पत्र-वाचन पत्रकारिता पुरस्कार पद्मजा शर्मा परख पाछो कुण आसी पाठक पीठ पारस अरोड़ा पुण्यतिथि पुरस्कार पुस्तक समीक्षा पुस्तक-समीक्षा पूरन सरमा पूर्ण शर्मा ‘पूरण’ पोथी परख प्रज्ञालय संस्थान प्रमोद कुमार शर्मा फोटो फ्लैप मैटर बंतळ बलाकी शर्मा बसंती पंवार बातचीत बाल कहानी बाल साहित्य बाल साहित्य पुरस्कार बाल साहित्य समीक्षा बाल साहित्य सम्मेलन बिणजारो बिना हासलपाई बीकानेर अंक बीकानेर उत्सव बीकानेर कला एवं साहित्य उत्सव बुलाकी शर्मा बुलाकीदास "बावरा" भंवरलाल ‘भ्रमर’ भवानीशंकर व्यास ‘विनोद’ भारत स्काउट व गाइड भारतीय कविता प्रसंग भाषण भूमिका मंगत बादल मंडाण मदन गोपाल लढ़ा मदन सैनी मधु आचार्य मधु आचार्य ‘आशावादी’ मनोज कुमार स्वामी मराठी में कविताएं महेन्द्र खड़गावत माणक माणक : जून मीठेस निरमोही मुकेश पोपली मुक्ति मुक्ति संस्था मुरलीधर व्यास ‘राजस्थानी’ मुलाकात मोनिका गौड़ मोहन आलोक मौन से बतकही युगपक्ष युवा कविता रक्त में घुली हुई भाषा रजनी छाबड़ा रजनी मोरवाल रतन जांगिड़ रमेसर गोदारा रवि पुरोहित रवींद्र कुमार यादव राज हीरामन राजकोट राजस्थली राजस्थान पत्रिका राजस्थान सम्राट राजस्थानी राजस्थानी अकादमी बीकनेर राजस्थानी कविता राजस्थानी कविता में लोक राजस्थानी कविताएं राजस्थानी कवितावां राजस्थानी कहाणी राजस्थानी कहानी राजस्थानी भाषा राजस्थानी भाषा का सवाल राजस्थानी युवा लेखक संघ राजस्थानी साहित्यकार राजेंद्र जोशी राजेन्द्र जोशी राजेन्द्र शर्मा रामपालसिंह राजपुरोहित रीना मेनारिया रेत में नहाया है मन लघुकथा लघुकथा-पाठ लालित्य ललित लोक विरासत लोकार्पण लोकार्पण समारोह विचार-विमर्श विजय शंकर आचार्य वेद व्यास व्यंग्य व्यंग्य-यात्रा शंकरसिंह राजपुरोहित शतदल शिक्षक दिवस प्रकाशन श्याम जांगिड़ श्रद्धांजलि-सभा श्रीलाल नथमल जोशी श्रीलाल नथमलजी जोशी संजय पुरोहित संजू श्रीमाली सतीश छिम्पा संतोष अलेक्स संतोष चौधरी सत्यदेव सवितेंद्र सत्यनारायण सत्यनारायण सोनी समाचार समापन समारोह सम्मान सम्मान-पुरस्कार सम्मान-समारोह सरदार अली पडि़हार संवाद सवालों में जिंदगी साक्षात्कार साख अर सीख सांझी विरासत सावण बीकानेर सांवर दइया सांवर दइया जयंति सांवर दइया जयंती सांवर दइया पुण्यतिथि सांवर दैया साहित्य अकादेमी साहित्य अकादेमी पुरस्कार साहित्य सम्मान सीताराम महर्षि सुधीर सक्सेना सूरतगढ़ सृजन कुंज सृजन संवाद सृजन साक्षात्कार हम लोग हरदर्शन सहगल हरिचरण अहरवाल हरीश बी. शर्मा हिंदी अनुवाद हिंदी कविताएं हिंदी कार्यशाला होकर भी नहीं है जो